14 नवंबर को बडगाम में नेशनल कॉन्फ्रेंस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा – सुनील शर्मा
बडगाम, 8 नवंबर (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील शर्मा ने आज बडगाम से भाजपा विधानसभा उम्मीदवार आगा मोहसिन के समर्थन में नरबल में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। एक उत्साही जनसभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) की दशकों पुरानी छल-कपट और वंशवादी राजनीति को नकार दिया है और अब वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर के विजन के पीछे एकजुट हो रहे हैं।
शर्मा ने कहा नवंबर को जनता बडगाम के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी। नेशनल कॉन्फ्रेंस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और भाजपा विजयी होगी क्योंकि लोगों ने खोखले वादों और वास्तविक विकास के बीच का अंतर देख लिया है। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने गरजते हुए कहा कश्मीर में भाजपा को रोकने वाले पैदा नहीं हुए हैं।
कश्मीर के लोगों ने मन बना लिया है – डर और झूठ का दौर खत्म हो गया है। अब घाटी के हर गाँव और कस्बे में कमल खिलेगा। उन्होंने आगा मोहसिन की उनके गतिशील नेतृत्व, ज़मीनी स्तर पर मज़बूत जुड़ाव और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बडगाम विधानसभा में एक युवा और ऊर्जावान आवाज़ का हकदार है जो बदलाव और समावेशी विकास का संदेश आगे बढ़ा सके।