सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ नाकाम की
जम्मू, 19 फरवरी (हि.स.)। गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय सेना के सतर्क जवानों ने आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने कहा कि खुफिया सूचनाओं और निरंतर निगरानी के आधार पर गुरुवार तड़के नियंत्रण रेखा के पास सुंदरबनी सेक्टर के नाथुआ टिब्बा के सामान्य क्षेत्र में आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि का पता चला। सैनिकों ने तेजी से जवाब देकर घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया।
कोर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमारे सैनिकों ने एकीकृत जमीनी और हवाई निगरानी के माध्यम से क्षेत्र पर व्यापक प्रभुत्व सुनिश्चित करने के लिए उचित रूप से पुनर्स्थापन और पुन उन्मुखीकरण किया है। पूरे सेक्टर में उच्च परिचालन अलर्ट जारी रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के तुरंत बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया है।