जम्मू और कश्मीर में लगभग 13,000 शिक्षक पद रिक्त हैं: शिक्षा मंत्री
जम्मू, 19 फ़रवरी (हि.स.)। शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने गुरुवार को बताया कि जम्मू और कश्मीर में कुल 12,977 शिक्षण पद रिक्त हैं और स्कूल शिक्षा विभाग ने 2024 के बाद से किसी भी स्कूल का उन्नयन नहीं किया है।
विधानसभा में भाजपा विधायक श्री शक्ति राज परिहार के एक तारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा कि जम्मू मंडल में 7,985 और कश्मीर मंडल में 4,992 शिक्षक पद रिक्त हैं। जिलावार आंकड़ों के अनुसार जम्मू मंडल में राजौरी (1,416), कठुआ (1,332), जम्मू (1,234) और पुंछ (946) में सबसे अधिक रिक्तियां हैं जबकि कश्मीर मंडल में अनंतनाग (1,016), बडगाम (797), पुलवामा (764) और कुपवारा (621) में सबसे अधिक रिक्तियां हैं। मास्टर्स की पदोन्नति संबंधी रिक्तियों के बारे में बताते हुए इटू ने कहा कि कश्मीर मंडल में 1,722 पद और जम्मू मंडल में 224 पद रिक्त हैं।
इटू ने कहा कि सभी पदोन्नति संबंधी रिक्तियों को मंडल स्तरीय विभागीय पदोन्नति समितियों (डीपीसी) के माध्यम से नियमों के अनुसार भरा जा रहा है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि नवंबर 2024 के बाद से किसी भी माध्यमिक, उच्च माध्यमिक या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का उन्नयन नहीं किया गया है। इटू ने कहा, “स्कूलों को अगले स्तर तक उन्नत करने का कोई तत्काल प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है, विशेष रूप से डोडा जिले के पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्नयन के लिए बुनियादी ढांचे के विकास और शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों के सृजन की आवश्यकता है जिसमें वित्तीय व्यय शामिल है और इसके लिए वित्त विभाग की सहमति आवश्यक है। हालांकि मंत्री ने कहा कि जब भी ऐसा कोई प्रस्ताव आएगा, डोडा जिले के व्यवहार्य स्कूलों पर व्यवहार्यता रिपोर्ट, मौजूदा मानदंडों और आवश्यकताओं के अनुसार ही विचार किया जाएगा।