दरबार मूव के तहत श्रीनगर के सभी सरकारी कार्यालय छह माह के लिए हुए बंद

0

जम्मू,, 1 नवंबर । जम्मू-कश्मीर प्रशासन के दरबार मूव कार्यक्रम के तहत ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पांच दिन काम करने वाले सभी मूव कार्यालय शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025 को कार्यालय समय के बाद अगले छह महीनों के लिए बंद हो गए। वहीं छह दिन काम करने वाले कार्यालय शनिवार, 1 नवंबर 2025 को बंद होंगे। इसके साथ ही अधिकारी और कर्मचारी 1 व 2 नवंबर को श्रीनगर से जम्मू की ओर प्रस्थान करेंगे।

हालांकि, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के प्रत्यक्ष नियंत्रण में आने वाले गृह विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों को इस प्रक्रिया से छूट दी गई है और वे दोनों स्थानों — श्रीनगर और जम्मू — में एक साथ कार्य करते रहेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर प्रशासन अब लगभग पूरी तरह ई-ऑफिस प्रणाली में परिवर्तित हो चुका है, जिससे फाइलों और अभिलेखों के भौतिक स्थानांतरण की आवश्यकता नहीं रही। केवल कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड ही भौतिक रूप से स्थानांतरित किए जाएंगे, जबकि शेष डेटा पेन ड्राइव्स या डिजिटल माध्यम से भेजा जाएगा।

ई-ऑफिस प्रणाली 2021 में शुरू की गई थी, और 2023 तक प्रशासन पूरी तरह डिजिटल हो गया। इसके बाद ऑनलाइन सेवाओं की निगरानी के लिए छह सदस्यीय समन्वय सेल का गठन किया गया, जो सभी जिलों में ई-सेवाओं की प्रगति पर नज़र रखता है।

यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाएँ:

दरबार मूव कर्मचारियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जेकेआरटीसी की बसों और आधिकारिक काफिले की निगरानी हेतु ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतज़ाम किए हैं।

आईजीपी ट्रैफिक विवेक गुप्ता के अनुसार, 1 और 2 नवंबर को श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर केवल डाउनवर्ड ट्रैफिक (श्रीनगर से जम्मू की ओर) को अनुमति दी जाएगी। इन दो दिनों के दौरान जम्मू से श्रीनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों, सेना, अर्धसैनिक बलों और सरकारी काफिलों को प्रतिबंधित किया गया है ताकि मार्ग पर भीड़भाड़ और असुविधा से बचा जा सके।

जम्मू में मूव कर्मचारियों के ठहराव के लिए बी.सी. रोड, सरवाल, अहाता अमर सिंह (पंजतीर्थी) और मुठी सहित कई स्थलों पर सरकारी क्वार्टरों का नवीनीकरण किया गया है। कुछ नए आवास भी निर्मित किए जा रहे हैं ताकि अगले छह महीनों तक कर्मचारियों को सुविधाजनक आवास मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.