3 दिनों में ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ने 16,349 यात्रियों को यात्रा कराई

0

 

जम्मू तवी, 05 मई: जम्मू और श्रीनगर के बीच हाल ही में शुरू की गई ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ अपनी गति और प्रीमियम सेवाओं के कारण यात्रियों के बीच लगातार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन अपने संचालन के शुरुआती दिनों में ही लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड बना रही है और यात्रियों के बीच भरोसा मजबूत कर रही है।

इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में दैनिक यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखी गई है।

4 मई को इस ट्रेन में 82 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जिसमें लगभग 4,680 यात्रियों ने दो जोड़ी वंदे भारत सेवाओं में यात्रा की।

इसके अगले ही दिन, यानी 5 मई को यह आंकड़ा बढ़कर 96 प्रतिशत तक पहुंच गया। (ध्यान रहे: मंगलवार को केवल एक जोड़ी ट्रेनें 26404 और 26403 ही संचालित होती हैं।)

इस दिन लगभग 2,744 यात्रियों ने यात्रा की।

कुल मिलाकर 2 मई से 5 मई तक चार दिनों के संचालन में लगभग 16,349 यात्रियों ने वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा की और इस अवधि में औसत ऑक्यूपेंसी लगभग 82 प्रतिशत रही। यह आंकड़ा दर्शाता है कि तीर्थयात्री और पर्यटक अब पारंपरिक ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत की आधुनिक सुविधाओं को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।

यात्रा के दौरान यात्रियों ने ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं की सराहना की। यात्रियों ने खास तौर पर इसकी स्मूद और झटके रहित यात्रा की तारीफ की, यहां तक कि घुमावदार पटरियों पर भी यात्रा आरामदायक रही।

यात्रियों ने वंदे भारत में परोसे जा रहे शुद्ध और पौष्टिक भोजन की भी प्रशंसा की और बताया कि जम्मू मंडल के अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं ताकि सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहे।

जम्मू-कश्मीर के लोगों के सपनों को साकार करने वाली इस ट्रेन पर टिप्पणी करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उच‍ित सिंघल ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन भारतीय रेलवे के आधुनिक परिवर्तन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि दो दिनों में ऑक्यूपेंसी का 82 प्रतिशत से 96 प्रतिशत तक पहुंचना गर्व की बात है। यात्री न केवल सेवाओं से संतुष्ट हैं, बल्कि इसे यात्रा के लिए सबसे भरोसेमंद विकल्प मान रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की प्रतिक्रिया का लगातार विश्लेषण किया जा रहा है ताकि उनकी यात्रा और भी बेहतर बनाई जा सके। आने वाले समय में पर्यटन सीजन बढ़ने के साथ इसके 100 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी पर चलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.