स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के विरोध में भूख-हड़ताल पर बैठे संगठनों को शिवसेना का समर्थन

एकजुटता के साथ सड़कों पर उतरने का आह्वान

0

जम्मू । जम्मू में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने के फैसले के खिलाफ जम्मू के आरएस पुराए कुलियां इलाके में भूख-हड़ताल एवं धरने प्रदर्शन पर बैठे स्थानीय लोगों एवं संगठनों को शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) ईकाई का समर्थन मिला।

 

पार्टी प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी के नेतृत्व में नेताओं के दल ने धरना प्रदर्शन में शामिल होकर स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ आवाज बुलंद करने के साथ निःशुल्क बिजली उपलब्ध करवाने तथा पुराने बिलों को माफ करने की मांग की है। साहनी ने एकजुटता के साथ सड़कों पर उतरने का आह्वान किया।

 

साहनी ने कहा कि जम्मू.कश्मीर के लोगों का लगातार आर्थिक शोषण किया जा रहा है। पिछले 9 सालों से जनता अच्छे दिनों का इंतजार कर रही जनता पर नित नए कर थोपे जा रहे है। पहले संपत्ति कर को लेकर जनता सड़कों पर उतरी और अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही जनता की जेबों को काटने के मंसूबों को अंजाम दिया जा रहा है।

 

साहनी ने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर से साईबर ठगी का डर सताने लगा है। देश के जिन राज्यों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए गए हैं वहां साईबर ठग तेजी से सक्रिय होकर भोली-भाली जनता को अपना शिकार बना रहे हैं। साहनी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की आबादी का एक बड़ा हिस्सा ऐसा है जिसके पास स्मार्ट फोन एवं इंटरनेट सुविधा नहीं है। साहनी ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के फैसले को वापिस लेने एवं पुराने बिलों को माफ करने तथा जम्मू-कश्मीर की जनता को निःशुल्क बिजली पानी देने की अपील की है। इस मौके पर नरेन्द्र शर्मा, मोहम्मद आरिफ, कमला देवी पंच ठिकरिया आदि उपस्थित थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.