सीआईके ने श्रीनगर की सेंट्रल जेल से बरामद किया डिजिटल उपकरण व आपत्तिजनक सामग्री

0

 

श्रीनगर, 25 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू- कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) शाखा ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में श्रीनगर की सेंट्रल जेल में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दाैरान डिजिटल संचार उपकरण जब्त किए है। शनिवार को अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एनआईए अधिनियम के तहत नामित एक विशेष न्यायालय ने वारंट जारी किया था। इसके बाद शनिवार काे सेंट्रल जेल, कश्मीर पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 06/2023 के तहत तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि मामला आईपीसी की धारा 153-ए, 505, 121 और 120-बी के साथ-साथ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13 और 39 के तहत दर्ज किया गया है। बताया कि जेल परिसर में संदिग्ध डिजिटल हस्ताक्षरों की मौजूदगी के बारे में तकनीकी सूचनाओं के आधार पर और जेल अधिकारियों के समन्वय से कई बैरकों और ब्लॉकों में तलाशी अभियान चलाया गया।

अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान डिजिटल संचार उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर जब्त की गई। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि संभावित संबंधों का पता लगाया जा सके और मामले से जुड़े किसी भी व्यापक नेटवर्क की पहचान की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि उपकरणों को उच्च सुरक्षा वाली जेल के अंदर कैसे लाया गया और इसमें शामिल किसी भी सहायक की भूमिका की जांच भी शुरू कर दी गई है।

अधिकारी ने कहा कि यह अभियान जेलों सहित संवेदनशील संस्थानों में संचार उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने और केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों की जांच करने के चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.