जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद: रेलवे ने श्रीनगर-कटरा के बीच चलाई स्पेशल ट्रेन
श्रीनगर, 23 जुलाई (हि.स.)। भारी बारिश, भूस्खलन और पत्थर गिरने की वजह से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार बंद है। ऐसे में फंसे हुए यात्रियों की सुविधा के लिए नॉर्दर्न रेलवे ने गुरुवार को श्रीनगर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच एक स्पेशल ट्रेन शुरू की।
एक आधिकारिक सूचना के अनुसारयह स्पेशल ट्रेन जम्मू के कमर्शियल कंट्रोल के अनुरोध पर शुरू की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाबंदियों और ट्रैफिक की धीमी गति के कारण यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया। सूचना में कहा गया है कि यह ट्रेन शाम 5:00 बजे श्रीनगर से रवाना होगी और बनिहाल होते हुए रात 8:15 बजे कटरा पहुँचेगी।
24 जुलाई को वापसी की यात्रा में यह सुबह 8:45 बजे कटरा से रवाना होगी और सुबह 11:50 बजे श्रीनगर पहुँचेगी। इसमें बताया गया है कि स्पेशल ट्रेन बनिहाल और कटरा के बीच दोनों दिशाओं में बिना रुके चलेगी और इसे आठ-कोच वाली एमईएमयू रेक के साथ चलाया जाएगा। यह अतिरिक्त सेवा ऐसे समय में शुरू की गई है जब जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे लगातार दूसरे दिन भी बंद है। कई जगहों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क के धंसने के कारण सैकड़ों गाड़ियाँ और यात्री फँसे हुए हैंl