जम्मू चैंबर ने औद्योगिक विकास योजना पर एपेक्स कमेटी की बैठक का स्वागत किया

0

 

जम्मू,, 12 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की पदाधिकारियों की बैठक में अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित जम्मू-कश्मीर औद्योगिक विकास योजना पर एपेक्स कमेटी की बैठक का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा केंद्र एवं जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में लिए गए निर्णय केंद्र शासित प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देंगे।

अरुण गुप्ता ने कहा कि 1 अप्रैल 2021 को अधिसूचित नई केंद्रीय क्षेत्र योजना के तहत ₹28,400 करोड़ का पैकेज 971 औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण के साथ लगभग पूरी तरह उपयोग हो चुका है। उन्होंने बढ़ती निवेशक रुचि को देखते हुए इस पैकेज को बढ़ाकर ₹75,000 करोड़ करने और जीएसटी व प्लांट एवं मशीनरी लागत में हुई बचत के आधार पर अधिक औद्योगिक इकाइयों को योजना का लाभ देने की मांग की।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन के उस प्रस्ताव का भी समर्थन किया जिसमें लगभग 150 नई औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण और सभी औपचारिकताएं पूरी कर चुकी 570 लंबित आवेदनों को मंजूरी देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्र सरकार के प्रयास सराहनीय हैं।

चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि योजना को शीघ्र मंजूरी मिलने से मौजूदा और नई औद्योगिक इकाइयों को वर्ष 2037 तक प्रोत्साहन मिलेगा, बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और जम्मू-कश्मीर में औद्योगिकीकरण को नई गति मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मौजूदा उद्योगों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें आवश्यक प्रोत्साहन जारी रखने की भी अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.