**चंदनवाड़ी पहुंचे उपराज्यपाल, यात्रा की जमीनी स्थिति और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की**
**उपराज्यपाल ने यात्रा प्रबंधन टीमों को श्रद्धालुओं से प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं का अध्ययन करने तथा चौबीसों घंटे सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए**
**’समूची सरकार के समन्वित प्रयासों से भगवान शिव के भक्तों को उत्कृष्ट भोजन और आवास उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मैं चाहता हूं कि प्रत्येक यात्री को बाबा बर्फानी के पावन दर्शन हों और उन्हें एक गहन आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो’ : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा**
**उपराज्यपाल ने चंदनवाड़ी बेस अस्पताल का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया**
**श्रीनगर, 05 जुलाई:** उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने रविवार को चंदनवाड़ी का दौरा कर श्री अमरनाथ जी यात्रा की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वहां की जमीनी स्थिति तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों, यात्रियों, स्वयंसेवकों, लंगर सेवादारों तथा अन्य सेवा प्रदाताओं से बातचीत की। उन्होंने यात्रा प्रबंधन टीमों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं से प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं का नियमित अध्ययन करें तथा चौबीसों घंटे सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर समय तैयार रहें।
उपराज्यपाल ने कहा, “समूची सरकार के समन्वित प्रयासों से भगवान शिव के भक्तों को उत्कृष्ट भोजन और आवास उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मैं चाहता हूं कि प्रत्येक यात्री को बाबा बर्फानी के पावन दर्शन हों और उन्हें एक गहन तथा अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो।”
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने चंदनवाड़ी स्थित बेस अस्पताल का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के वार्डों, प्रयोगशालाओं तथा आपातकालीन इकाई का निरीक्षण किया और उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
उपराज्यपाल ने यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों की समर्पित सेवाओं की सराहना की।
अधिकारियों ने उपराज्यपाल को बताया कि अस्पताल में दवाइयों तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। प्रतिदिन सभी यात्रियों, सेवा प्रदाताओं तथा सहयोगी कर्मचारियों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं तथा बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में प्रतिदिन औसतन 2,500 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए उपराज्यपाल ने कहा, “पिछले चार वर्षों से मैं स्वयं श्री अमरनाथ जी यात्रा की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहा हूं। इस वर्ष यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसे देखते हुए प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड तथा यात्रा से जुड़े सभी विभागों और हितधारकों ने पिछले वर्षों की तुलना में कहीं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
हालांकि, बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण वाले श्रद्धालु भी यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। मैं ऐसे सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करता हूं कि वे धैर्य रखें और अपनी बारी का इंतजार करें। यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उनका सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कृपया यह ध्यान रखें कि चंदनवाड़ी तथा बालटाल, दोनों मार्गों पर प्रतिदिन यात्रियों की संख्या की निर्धारित सीमा तय है, जिसे बढ़ाया नहीं जा सकता। सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा परेशानी मुक्त यात्रा के लिए इन नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
यात्रियों की सुविधा के लिए चंदनवाड़ी में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल पिछले दो वर्षों से संचालित हो रहा है, जहां आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ चौबीसों घंटे कार्य कर रहे हैं ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सफल हो सके।”