किसान नेता सुभाष दसगोत्रा ने ओलावृष्टि तथा मूसलाधार बारिश के कारण धान की फसल को पहुंचे नुकसान का लिया जायजा
आरएस पुरा, 6 अक्टूबर । भारतीय किसान संघ के पूर्व महासचिव एवं किसान नेता सुभाष दसगोत्रा ने सोमवार को आरएस पुरा तथा मीरा साहिब के अलग-अलग गांव का दौरा कर ओलावृष्टि तथा मूसलाधार बारिश के कारण धान की फसल को पहुंचे नुकसान का जायजा लिया और सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिन किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है उन्हें सरकार की तरफ से उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
गांव गाजिया, चक लावल, महेशीया सहित अन्य गांव में अपनी टीम के साथ पहुंचे किसान नेता सुभाष दसगोत्रा ने कहा कि पहले बाढ़ के पानी के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचा था और अब मूसलाधार बारिश तथा ओलावृष्टि के कारण फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण फसल पूरी तरह से जमीन पर लेट चुकी है जिस कारण फसल की पैदावार में काफी गिरावट आएगी जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने जम्मू कश्मीर के साथ-साथ केंद्र सरकार से भी मांग करते हुए कहा कि सरकार जल्द से जल्द टीमों का गठन करें और ग्रामीण क्षेत्रों में भेजें ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके और उसके बाद किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को जल्द मुआवजा राशि नहीं मिली तो किसानों को आने वाले समय में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस मौके पर उनके साथ रमन चौधरी, सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य लोग भी मजबूत रहे।