कटड़ा-बड़गाम स्पेशल ट्रेन को नियमित संचालन की मंजूरी
जम्मू,, 14 मार्च (हि.स.)।
रेल मंत्रालय ने स्पेशल रेलगाड़ी संख्या 04687-04688 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-बड़गाम रेल सेवा के नियमित संचालन को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर जानकारी दी कि अब यह ट्रेन “श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-बड़गाम एक्सप्रेस” के नाम से नियमित रूप से चलेगी।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्री का पत्र साझा करते हुए इसका स्वागत किया और कहा कि इससे खासकर पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यापार जगत से जुड़े लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दशकों बाद रेल लाइन जम्मू से आगे बढ़कर कश्मीर घाटी तक पहुंची है। वहीं आगामी चैत्र नवरात्रि के मद्देनज़र उत्तरी रेलवे ने श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली-कटड़ा स्पेशल ट्रेन (04081/04082) के संचालन को भी बढ़ा दिया है और दोनों दिशाओं में अतिरिक्त 14 फेरे लगाने की मंजूरी दी गई है, ताकि यात्रा के व्यस्त मौसम में यात्रियों को राहत मिल सके।