उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ‘एकता यात्रा’ के तहत छात्रों से की मुलाकात, सेना के प्रयासों को सराहा

0

 

जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित जम्मू-कश्मीर एकता यात्रा के दौरान जम्मू पहुंचे आर्मी गुडविल स्कूल (एजीएस), सौजियान, पुंछ के छात्रों से बातचीत की। यह दौरा व्हाइट नाइट कोर के आउटरीच कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती और दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों में राष्ट्रीय एकीकरण और समग्र विकास को बढ़ावा देना है।

उपराज्यपाल ने सीमावर्ती इलाकों के युवाओं के कल्याण और विकास के लिए भारतीय सेना की निरंतर प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने के साथ-साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करती हैं।

इस प्रतिनिधिमंडल में शिक्षकों और सेना के जवानों के साथ कुल 33 छात्र शामिल थे, जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए इस यात्रा को प्रेरणादायक बताया। उपराज्यपाल ने छात्रों से संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

यात्रा का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती गांवों के बच्चों को नए अनुभव प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और देश के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं संस्थागत ढांचे के प्रति उनकी समझ को विस्तृत करना है। इस यात्रा के दौरान छात्रों ने पुंछ, राजौरी, जम्मू और श्रीनगर का दौरा किया, जहां उन्हें विभिन्न संस्थानों और वातावरणों से परिचित कराया गया।

दौरे के दौरान छात्रों को कई नए अनुभव प्राप्त हुए। इनमें श्रीनगर में रेल यात्रा, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और वायु सेना स्टेशन का भ्रमण तथा जम्मू जैसे शहरी माहौल का अनुभव शामिल रहा। इसके साथ ही सेना की कार्यशैली और जीवनशैली से परिचित होने का अवसर भी मिला, जिससे छात्रों के दृष्टिकोण और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।–

Leave A Reply

Your email address will not be published.