उपराज्यपाल ने श्रीनगर में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की
श्रीनगर, 15 नवंबर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए आकस्मिक विस्फोट के बाद शनिवार को पुलिस और नागरिक प्रशासन के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई और 32 घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राजभवन में आयोजित बैठक में सिन्हा को कश्मीर में आतंकी तंत्र को नष्ट करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल डुल्लो, गृह सचिव चंद्राकर भारती, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, विशेष पुलिस महानिदेशक एस जे एम गिलानी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सीआईडी नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
सिन्हा ने जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है और विस्फोट के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।
यह विस्फोट शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे हुआ जब एक विशेष टीम एक ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल की चल रही जाँच के सिलसिले में जब्त किए गए विस्फोटकों के एक बड़े और “अस्थिर” जखीरे से नमूने निकाल रही थी।
विस्फोटकों का एक बड़ा हिस्सा नौगाम पुलिस स्टेशन के एक खुले क्षेत्र में सुरक्षित रूप से रखा गया था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात और गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (कश्मीर) प्रशांत लोखंडे ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब अधिकारी हरियाणा के फरीदाबाद में जैश-ए-मोहम्मद के ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल मामले में जब्त किए गए विस्फोटकों के बड़े जखीरे के नमूनों की जाँच कर रहे थे।