**उपराज्यपाल ने गांधी मेमोरियल कॉलेज श्रीनगर के शासी बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की**
**श्रीनगर, 27 जुलाई:** उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज लोक भवन में गांधी मेमोरियल कॉलेज श्रीनगर के नवगठित शासी बोर्ड की परिचयात्मक बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शैलेंद्र कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव राम निवास शर्मा, कानून, न्याय एवं संसदीय कार्य विभाग के आयुक्त सचिव अचल सेठी, कॉलेज निदेशक प्रो. (डॉ.) एस. एजाज बशीर, हिंदू एजुकेशन सोसाइटी कश्मीर के अध्यक्ष प्रो. बी. एल. जुत्शी, प्रो. अशोक आइमा, प्रो. वीणा पंडिता, प्रो. वीरेंद्र रावल, वी.के. रैना, एम.के. जलाली सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा कश्मीर विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. शरीफुद्दीन पीरजादा, कश्मीर विश्वविद्यालय के डीन कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल प्रो. (डॉ.) अनीसा शफी, गांधी मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मसूद अहमद मलिक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई शासी बोर्ड की बैठक में कॉलेज के समग्र कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए शैक्षणिक और प्रशासनिक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
उपराज्यपाल ने संस्थान में प्रशासनिक और परिचालन ढांचे को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से एक व्यापक नीति तैयार करने के निर्देश दिए।
शासी बोर्ड ने शासी बोर्ड के कार्य संचालन नियमों को अपनाने, जम्मू के बंतालाब स्थित जी.एम. कॉलेज ऑफ एजुकेशन को अनुदान सहायता प्रदान करने, भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने, वर्ष 2002 से मौजूदा कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन संबंधी लाभ, परिसर के बुनियादी ढांचे के विस्तार, मौजूदा पाठ्यक्रम में संशोधन तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।