आतंकवाद कभी कामयाब नहीं होगा: फारूक
श्रीनगर: नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों का खात्मा एक सबक है कि आतंकवाद कामयाब नहीं होगा।
अब्दुल्ला यहां एक समारोह से इतर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने उन्हें नहीं देखा है और न ही मैं जानता हूँ कि वे कौन हैं। उन्हें केवल वही लोग पहचान सकते हैं जिन्होंने उन्हें देखा है। अगर वे मारे गए हैं, तो यह अच्छी बात है। उन्हें सबक मिल गया है कि आतंकवाद कभी कामयाब नहीं होगा।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में घोषणा की कि पहलगाम नरसंहार को अंजाम देने वाले तीन आतंकवादियों को श्रीनगर के पास सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों ने मार गिराया है।
ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा में भाग लेते हुए, शाह ने कहा कि सोमवार को ऑपरेशन महादेव के तहत आतंकवादी मारे गए। उनकी पहचान सुलेमान उर्फ फैजल, अफगानी और जिबरान के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा, “सुलेमान लश्कर-ए-तैयबा का ए-श्रेणी का कमांडर था, अफगानी भी लश्कर-ए-तैयबा का ए-श्रेणी का आतंकवादी था और जिब्रान भी एक कुख्यात और वांछित आतंकवादी था। पहलगाम की बैसरन घाटी में हमारे नागरिकों की हत्या में शामिल सभी तीन आतंकवादियों का अब सफाया कर दिया गया है।”