अनंतनाग और पुलवामा में अलग-अलग अभियानों में पाँच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में प्रतिबंधित पदार्थ जब्त

0

श्रीनगर, 10 नवंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए पुलिस ने अनंतनाग और पुलवामा में अलग-अलग अभियानों में पाँच मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस चौकी शेरबाग की एक पुलिस टीम ने सरनाल के बेग बाग में नाका चेकिंग के दौरान पिट्ठू बैग ले जा रहे दो संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 641 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया। उनकी पहचान अब्दुल वाहिद खान पुत्र फैयाज अहमद खान निवासी चेनी चौक अनंतनाग और आमिर यूसुफ खान पुत्र स्वर्गीय यूसुफ अहमद खान निवासी मलिकनाग अनंतनाग के रूप में हुई है।

इसी तरह क्रांगसू गाँव में एक अन्य अभियान में गश्त के दौरान एक पुलिस दल ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका जिन्होंने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें चतुराई से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 7.6 किलोग्राम चरस पाउडर जैसा पदार्थ बरामद हुआ। उनकी पहचान कैसर शकील वानी पुत्र शकील अहमद वानी और फिरदौस अहमद पोया पुत्र मोहम्मद यूसुफ पोया के रूप में हुई है, दोनों पेहरू निवासी हैं।

इसके अलावा पुलवामा में लिद्दर पुलिस थाने के एक पुलिस दल ने लिद्दर के पिरताकी में एक नाका जाँच अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके पास से 266.5 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया। उसकी पहचान शारिक अहमद डार पुत्र अब गनी डार निवासी लिद्दर के रूप में हुई है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों में स्थानांतरित कर दिया गया है जहाँ वे अभी भी हिरासत में हैं। तदनुसार संबंधित थानों में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की जाँच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से नशे के खिलाफ लड़ाई में हाथ मिलाने और नशीली दवाओं की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी साझा करने का आग्रह किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.