बडगाम उपचुनाव में जनता का फैसला सत्तारूढ़ एनसी के विरोध में : आगा सैयद मुंतज़िर

0

बडगाम, 14 नवंबर (हि.स.)। बडगाम से पीडीपी के विजयी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतज़िर ने शुक्रवार को कहा कि उपचुनाव में जनता का फैसला सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के विरोध में है, क्योंकि उसने अपने राजनीतिक और विकास संबंधी वादों को पूरा नहीं किया है।

 

मुंतज़िर ने जम्मू-कश्मीर के बडगाम विधानसभा उपचुनाव में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार आगा सैयद महमूद को लगभग 4,500 मतों के अंतर से हराया। मतगणना के अंत में मुंतज़िर को 21,576 वोट मिले, जबकि महमूद को 17,098 वोट मिले।

 

मुंतज़िर ने मध्य कश्मीर जिले में संवाददाताओं से कहा कि यह फैसला एनसी को जम्मू-कश्मीर के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए मजबूर करेगा। उन्होंने कहा कि यह (जीत) 50 सालों की कड़ी मेहनत का नतीजा है और अब बडगाम के वोटों को सही प्रतिनिधित्व मिलेगा। यह 2024 में बडगाम के लोगों की उपेक्षा करने के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस को जवाब है। उन्होंने आगे कहा कि बडगाम के लोगों ने बदलाव और जवाबदेही के लिए वोट दिया है।

 

इस बीच पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने पार्टी की जीत को जनता की जीत बताते हुए कहा कि मतदाता समझ गए हैं कि सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा किए गए वादे खोखले साबित हुए हैं। मुफ्ती ने बडगाम में संवाददाताओं से कहा कि मैं बडगाम के लोगों को बधाई देना चाहती हूँ, यह बडगाम के लोगों की जीत है। उन्होंने एक ऐसी पार्टी चुनी है जो उनकी बेहतरी के लिए काम करेगी।

 

मुफ्ती ने आगे कहा कि हमने लोगों को लगातार यह समझाया कि उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस को कई मौके दिए, यहाँ तक कि एक मुख्यमंत्री भी चुना लेकिन नेशनल कॉन्फ्रेंस अपने वादों से मुकर गए। मुंतज़िर लोगों के लिए काम करेंगे और उनकी सेवा करेंगे। पिछले साल विधानसभा चुनावों में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीतने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा सीट छोड़ने और अपने पारिवारिक गढ़ गांदरबल को चुनने के बाद बडगाम में उपचुनाव कराना ज़रूरी हो गया था।

 

भाजपा उम्मीदवार आगा सैयद मोहसिन केवल 2,619 वोटों के साथ छठे स्थान पर रहे। उपचुनाव में 1.26 लाख मतदाताओं में से 50.01 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.