जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़, दो इमारतें क्षतिग्रस्त, कुछ अंतर-जिला सड़कें बंद
जम्मू, 12 अगस्त (हि.स.)। जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई जिससे दो इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ अंतर-जिला सड़कें बंद हो गईं हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राजौरी, रियासी और पुंछ जिलों के अधिकारियों ने भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात 8ः30 बजे से मंगलवार सुबह 6ः30 बजे के बीच भारी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि रियासी में 280.5 मिमी, कठुआ में 148 मिमी और सांबा तथा जम्मू जिलों में 96-96 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इससे कई जगहों पर अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने बताया कि 11 और 12 अगस्त की रात अचानक आई बाढ़ में पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में एक हाई स्कूल का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अचानक आई बाढ़ हाई स्कूल और एक खेल कक्ष से सटे 200 फुट लंबे शेड को बहा ले गई जिससे सभी रिकॉर्ड और खेल सामग्री नष्ट हो गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि राजौरी जिले के जगलानू गाँव में एक गौशाला ढह गई जिससे संपत्ति और पशुधन का नुकसान हुआ।
सोमवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण राजौरी जिले में कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं जिससे कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है।
रियासी में पौनी तहसील के कंदामोड़ में आज सुबह भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई। उन्होंने बताया कि सड़क को यातायात योग्य बनाने के लिए अवरोध हटाने का काम चल रहा है।
राजौरी जिले में कोटरंका-खवास मार्ग को कंजा में बंद कर दिया गया है जबकि राजौरी-थन्नामंडी-सूरनकोट मार्ग डीकेजी और बुफलियाज़ के बीच भूस्खलन के बाद बंद है। मलबे के कारण घमबीर मुगलान-थन्नामंडी मार्ग भी भट्टियां मोड़ और आसपास के हिस्सों सहित कई स्थानों पर अवरुद्ध है।