वार्ड-7 में पानी के रिसाव से सीढ़ियां बनी जानलेवा, मूवमेंट कल्कि ने जताई चिंता
फिसलन बनी दुर्घटना का कारण, नगर निगम क्यों मौन?
जम्मू, 01 अगस्त 2025:
वार्ड नं. 7, गंडू दे चौनी में सीढ़ियों पर हो रहे लगातार पानी के रिसाव को लेकर मूवमेंट कल्कि संगठन ने नगर निगम जम्मू के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन ने इस समस्या को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि फिसलन भरी सीढ़ियां स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व मूवमेंट कल्कि की सदस्य सुनीता कुंडल ने किया। उन्होंने कहा कि इस रास्ते से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं और पानी के कारण फिसलन इतनी अधिक हो गई है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति इन सीढ़ियों से फिसलता है, तो वह सीधे सड़क पर गिर सकता है, जिससे गंभीर चोटें या फ्रैक्चर तक हो सकता है।
सुनीता कुंडल ने कहा, “नगर निगम को कई बार अवगत कराने के बावजूद अभी तक इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। यह जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।”

प्रदर्शन के दौरान संगठन के अन्य सदस्य अंतू कोतवाल, सुषमा शर्मा, पवन शर्मा और कई स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने नगर निगम के प्रति नाराज़गी जताते हुए तत्काल मरम्मत कार्य की मांग की।
मूवमेंट कल्कि ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि वे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लें और पानी के रिसाव को शीघ्र ठीक करवाएं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम से सवाल किया है कि रोजमर्रा की ऐसी गंभीर समस्याओं पर अधिकारियों की चुप्पी और निष्क्रियता आखिर कब तक झेली जाएगी।