भूपिंदर बने डीएसपी, गुरुद्वारा में हुआ भव्य सम्मान समारोह

0

पूर्वी सिंहभूम, 27 जुलाई (हि.स.)।

जमशेदपुर के बालीगुमा निवासी सरदार भूपिंदर सिंह झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में 56वां स्थान प्राप्त किया और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए चयनित हुए।

रविवार को साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से भूपिंदर की इस उपलब्धि का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह और झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

सम्मान समारोह में बोलते हुए भूपिंदर सिंह ने कहा कि यह सफलता उनके संघर्ष, समर्पण और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता, भाई-बहन और परम मित्र अरविंद एवं लव को इस उपलब्धि का श्रेय दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, लक्ष्य निर्धारित कर उसी क्षण से संघर्ष में लग जाना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित ज्योति सिंह मथारू ने कहा कि भूपिंदर सिंह ने सिख युवाओं के लिए एक मिसाल कायम की है और अल्पसंख्यक आयोग द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

इस मौके पर गुरुद्वारा कमिटी के महामंत्री शमशेर सिंह सोनी, अवतार सिंह फुर्ती, रबीन्द्र सिंह, खजान सिंह, बरयाम सिंह, सतनाम सिंह घुम्मण, जसवीर सिंह गांधी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे

Leave A Reply

Your email address will not be published.