श्री माता वैष्णो देवी ट्रैक पर हुई भूस्खलन की घटना के कारणों की जाँच के लिए एक उच्च-स्तरीय तीन-सदस्यीय समिति गठित
श्रीनगर, 29 अगस्त । उपराज्यपाल सचिवालय ने शुक्रवार को श्री माता वैष्णो देवी ट्रैक पर 26 अगस्त, 2025 को हुई भूस्खलन की घटना के कारणों की जाँच के लिए जम्मू-कश्मीर के जल शक्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय तीन-सदस्यीय समिति का गठन किया है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल जो श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि 26 अगस्त .2025 को रियासी जिले में श्री माता वैष्णो देवी जी ट्रैक पर अधक्वारी के पास हुई दुखद भूस्खलन की घटना के कारणों की जाँच के लिए जम्मू-कश्मीर के जल शक्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय तीन-सदस्यीय समिति का गठन किया जाता है।
समिति में जम्मू-कश्मीर सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव, जल शक्ति विभाग, जम्मू के संभागीय आयुक्त और जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक शामिल होंगे।
समिति घटना के कारणों की विस्तार से जाँच करेगी और किसी भी चूक को इंगित करेगी। यह बचाव और राहत उपायों के रूप में प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण करेगी। इसके अलावा समिति भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उपयुक्त मानक संचालन प्रक्रिया और उपाय सुझाएगी। समिति दो सप्ताह के भीतर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के माननीय अध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।