भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री
कोलकाता, 08 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने गये और अब वह पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य करने वाले श्री अधिकारी को शहर के उत्तर-पूर्वी छोर पर न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया।
श्री शाह ने श्री अधिकारी के चुनाव की घोषणा करते हुए कहा, “उनके नाम का प्रस्ताव आठ विधायकों ने रखा था। विधायकों को दूसरा नाम देने का विकल्प भी दिया गया था लेकिन उन्होंने केवल उन्हीं को प्राथमिकता दी।”
श्री शाह इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी इस बैठक में केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।
पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी पर उनकी लगातार चुनावी जीत को नेतृत्व के इस फैसले के पीछे का मुख्य कारण बताया। श्री अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम में सुश्री बनर्जी को 1,956 वोटों के मामूली अंतर से हराया था। उन्होंने अभी हाल ही में भवानीपुर में भी उन्हें सीधे राजनीतिक चुनौती दी। उन्होंने नंदीग्राम सीट को आसानी से अपने पास रखते हुए भवानीपुर में सुश्री बनर्जी को 15,000 से अधिक वोटों से हराया, जिससे मुख्यमंत्री पद के लिए उनका दावा सबसे अधिक मजबूत हो गया।
बैठक के बाद श्री अधिकारी के राजभवन में राज्यपाल आरएन रवि से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने की उम्मीद है।
राजनीतिक जानकारों ने एक मौजूदा मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता के बीच इस सीधे चुनावी मुकाबले को बंगाल की राजनीति में अभूतपूर्व बताया। भाजपा नेताओं ने निजी तौर पर माना कि इतने निर्णायक जनादेश के बाद श्री अधिकारी को शीर्ष पद के लिए नजरंदाज करने से पार्टी के भीतर नाराजगी पैदा हो सकती थी।
भाजपा की भावी सरकार शनिवार को विशाल ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शपथ लेगी। मुख्यमंत्री के लिए भाजपा की पसंद को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं लेकिन चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही श्री अधिकारी सबसे आगे चल रहे थे।
इस बीच बुधवार को 17वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद एक संवैधानिक बहस छिड़ गई। राज्यपाल रवि ने विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उसे भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी।
गौरतलब है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल चुनावों में शानदार जीत हासिल की और राज्य की 293 विधानसभा सीटों में से 207 पर जीत दर्ज की। बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। दक्षिण 24 परगना के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में 21 मई को दोबारा मतदान निर्धारित है।