डीजीपी नलिन प्रभात ने मध्य कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा ऑपरेशन्स का लिया जायज़ा
श्रीनगर, 24 जुलाई (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने शुक्रवार को मध्य कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और ऑपरेशनल तैयारियों का विस्तृत जायज़ा लिया। डीजीपी के साथ कश्मीर ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वी.के. बिरदी और मध्य कश्मीर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक राजीव पांडे भी मौजूद थे। समीक्षा बैठक में बडगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) के कमांडर भी शामिल हुए।
दौरे के दौरान डीजीपी ने व वरिष्ठ अधिकारियों ने मौजूदा सुरक्षा स्थिति का आकलन किया, ऑपरेशनल रणनीतियों की समीक्षा की और आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन्स को मज़बूत करने तथा संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की।
अधिकारियों ने क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई और लगातार शांति बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर ज़ोर दिया।