जम्मू में जलापूर्ति बहाली के उपायों की समीक्षा: राणा

0

जम्मू 04 सितम्बर। जम्मू प्रांत के लोगों को सुरक्षित और विश्वसनीय पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें जलापूर्ति बहाली से संबंधित प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में हाल ही में आई अचानक बाढ़, लगातार वर्षा और भूस्खलनों से बुरी तरह प्रभावित जलापूर्ति अवसंरचना की बहाली की स्थिति का आकलन किया गया।

बैठक के दौरान मंत्री ने जम्मू शहर की प्रमुख जलापूर्ति व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों व इंजीनियरों के अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से धौंतली स्थित तवी फ़िल्ट्रेशन प्लांट को देर रात सफलतापूर्वक पुनः चालू करने के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इस प्लांट से प्राप्त स्वच्छ पानी पंजतीर्थी, मुबारक मंडी, उस्ताद मोहल्ला, कची छावनी, जैन बाज़ार, जुलाका मोहल्ला और अन्य क्षेत्रों में पहुँचाया जाए।

बैठक में सितली से लोहर तक 600 मिमी डायामीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन की स्थिति की भी समीक्षा की गई, जो हाल की आपदा में गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बहाली कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि जलापूर्ति जल्द से जल्द सामान्य हो सके। उन्होंने जनकपुरी, रूपनगर, बनतालाब, केरन स्वर्ण विहार, मुठी और इंद्रा कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में पूर्ण जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए, जहाँ प्रा.तिक आपदा के बाद जलापूर्ति बाधित रही है।

सितली-मान्डा राइजिंग मेन पाइपलाइन की स्थिति का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने इंजीनियरिंग टीमों को चौबीसों घंटे कार्य कर इसे शीघ्र बहाल करने के सख्त निर्देश दिए, क्योंकि यह लाइन शहर के पुराने इलाके, न्यू प्लॉट, रेहाडी, बख्शी नगर और आस-पास के क्षेत्रों को जलापूर्ति करती है।

मंत्री को बताया गया कि जम्मू में 255 ट्यूबवेल्स में से 240 वर्तमान में चालू हैं, जबकि शेष 15 को प्राथमिकता पर बहाल किया जा रहा है और अगले दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में तात्कालिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने 90 जल टैंकरों के बेड़े को तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विभाग को निर्देश दिया कि शिकायतों और जन-समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए।

राणा ने दोहराया कि सरकार जम्मू के लोगों द्वारा झेली जा रही कठिनाइयों को कम करने और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए समर्पित है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.