जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ जवान समेत दो हिरासत में, राइफल व 50 कारतूस बरामद

0

बारामुला, 06 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में पुलिस ने कनिस्पोरा क्षेत्र में देर रात नाका चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 12-बोर राइफल और 50 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, कनिस्पोरा-जाहामा क्रॉसिंग पर एसओजी बारामूला और 52 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान जम्मू पंजीकरण संख्या जेके02डीएन-6527 वाली एक बलेनो कार को रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान सिकंदर खान (32) पुत्र नजीर अहमद खान निवासी गिंगल उरी तथा वकील अहमद ठाकरी (40) पुत्र नूरदीन ठाकरी निवासी कमलकोट उरी के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वकील अहमद ठाकरी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में जवान के पद पर कार्यरत हैं। वह पहले 218 बटालियन, छत्तीसगढ़ में तैनात थे और हाल ही में उनका स्थानांतरण 237 बटालियन, राजस्थान में हुआ था। हालांकि, उन्होंने अभी तक नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। वहीं, सिकंदर खान स्थानीय निवासी है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दोनों आरोपित पिछले दो दिनों से वाहन लेकर इलाके में घूम रहे थे।

चेकिंग के दौरान वाहन और उसमें सवार व्यक्तियों की तलाशी लेने पर एक 12-बोर राइफल और 50 कारतूस बरामद किए गए। मौके पर मौजूद टीम ने मामले की सूचना एसएचओ बारामूला को दी, जिसके बाद दोनों व्यक्तियों को पूछताछ के लिए जीआईसी बारामूला लाया गया। बाद में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें बारामूला पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया।

जांच के दौरान यह सामने आया कि बरामद 12-बोर राइफल वकील अहमद ठाकरी के नाम पर लाइसेंसी हथियार है, जिसे उन्होंने 5 जून, 2026 को गंग्याल, जम्मू से खरीदा था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.