चीनी मांझे से बाइक सवार का गला कटा
जम्मू, 9 अगस्त : पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले में चीनी मांझे, जिसे स्थानीय रूप से गट्टू कहा जाता है, से गला कटने पर मोटरसाइकिल सवार 25 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। चीनी मांझे या ‘मांझे’ की बिक्री और इस्तेमाल पर अधिकारियों ने प्रतिबंध लगा दिया है और हाल ही में जम्मू भर में कई दुकानदारों को इस सामग्री का गुप्त रूप से कारोबार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सीन ब्राह्मणा गाँव निवासी राजिंदर कुमार, उधमपुर से रहमबल की ओर जा रहे थे, तभी शाम करीब 4.30 बजे घारी गाँव के पास प्रतिबंधित मांझे से उनका गला कट गया। उन्होंने बताया कि कुछ राहगीरों ने उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल उधमपुर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दोषियों की पहचान करने और उन्हें सजा दिलाने के लिए आगे की जाँच जारी है।