गांदरबल में 209 करोड़ के ऑनलाइन निवेश घोटाले का भंडाफोड़, अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी नेटवर्क में 9 लोग गिरफ्तार

0

 

 

गांदरबल, 16 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए गए अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक में पुलिस ने 209 करोड़ से अधिक के एक विशाल अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन निवेश घोटाले का पर्दाफाश किया है। अब तक गिरफ्तार किए गए नौ लोगों में हरियाणा के एक एमबीबीएस डॉक्टर को कथित सरगना के रूप में पहचाना गया है।

 

पुलिस ने फिशिंग और फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित हो रहे एक अंतरराष्ट्रीय बहु-करोड़ ऑनलाइन निवेश घोटाले का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। गांदरबल के सफापोरा निवासी एक नागरिक की शिकायत के बाद गांदरबल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। तदनुसार साइबर धोखेबाजों के एक नेटवर्क द्वारा पहचान की चोरी और ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोपों की जांच के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 08/2026 दर्ज की गई थी।

 

 

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गांदरबल, खलील अहमद पोसवाल-जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामले की जांच के लिए विषय विशेषज्ञों वाली एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। जांच के दौरान, पुलिस ने कई फर्जी ऑनलाइन निवेश वेबसाइटों का पर्दाफाश किया जो सोशल मीडिया और सर्च इंजन के माध्यम से सिक्कों के व्यापार में उच्च लाभ का वादा करके पीड़ितों को लुभाती थीं। पीड़ितों द्वारा इन धोखाधड़ी वाले प्लेटफार्मों पर पैसा निवेश करने के बाद धनराशि को बडगाम, श्रीनगर, गांदरबल, बारामूला और अन्य क्षेत्रों के व्यक्तियों के स्थानीय बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया जाता था।

 

इन खातों को जालसाजों द्वारा नियंत्रित किया जाता था जो धन के लेन-देन को छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए राष्ट्रीय सीमाओं के पार हस्तांतरण सहित कई स्तरों के लेन-देन के माध्यम से जम्मू और कश्मीर से बाहर धन को तेजी से स्थानांतरित कर देते थे। पुलिस जांच में कथित सरगना की पहचान एकांत योगदत्त उर्फ ​​”डॉ. मॉर्फिन” के रूप में हुई, जो हरियाणा के हिसार का निवासी है।

 

बताया जाता है कि उसने फिलीपींस में एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान साइबर धोखाधड़ी की ऐसी तकनीकों में विशेषज्ञता हासिल की थी और चीनी नागरिकों के साथ उसके संबंध थे।आरोपियों ने कथित तौर पर कश्मीर के स्थानीय गुर्गों के साथ मिलकर काम किया जो क्षेत्रीय प्रमुख और खाता संचालक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के खाताधारकों को निशाना बनाया और उन्हें 8,000-10,000 रुपये प्रति माह के बदले अपने बैंक खाते और एटीएम कार्ड सौंपने के लिए राजी किया। जांच में कुछ बैंक कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई जिन्होंने कथित तौर पर इन खातों से जुड़े क्यूआर कोड उपलब्ध कराकर इस ऑपरेशन को सुविधाजनक बनाया। इन कोडों को बाद में फर्जी निवेश वेबसाइटों पर अपलोड कर दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.