आरएस पुरा निगरानी गृह से पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद 3 कैदी फरार
जम्मू, 16 फ़रवरी (हि.स.)। सोमवार शाम को आरएस पुरा इलाके में स्थित एक निगरानी गृह से दो पाकिस्तानी नागरिकों सहित तीन कैदी ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल करने के बाद फरार हो गए।
यह घटना शाम करीब 5:15 बजे घटी, जब कैदियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और परिसर से भागने में सफल रहे। फरार कैदियों की पहचान आरएस पुरा के डबलेहर निवासी कराजीत सिंह उर्फ गुग्गा और मोहम्मद सुना-उल्लाह और अहसान अनवर के रूप में हुई है, ये दोनों पाकिस्तानी नागरिक हैं।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष दल गठित किए गए हैं। ये दल फरार कैदियों को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं।