कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न राज्यों में मंत्री स्तरीय टीम भेजी जाए-महबूबा
श्रीनगर, 26 दिसंबर (हि.स.)। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि देश में असहिष्णुता बढ़ रही है और उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उत्पीड़न की घटनाओं के मद्देनजर कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न राज्यों में मंत्री स्तरीय टीम भेजी जाए।
महबूबा ने यहां पत्रकारों से कहा, “पूरे देश में असहिष्णुता बढ़ गई है। लिंचिंग की घटनाएं हो रही हैं। बांग्लादेश में जो हो रहा है उससे हमें बहुत दुख होता है लेकिन जो लोग इसकी आलोचना करते हैं वे यहां उत्पीड़न की घटनाए होते देख मूक दर्शक बने रहते हैं।”
उत्तराखंड में एक कश्मीरी व्यापारी पर हुए हमले का जिक्र करते हुए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख ने कहा कि उन्होंने तुरंत एक ट्वीट किया और उत्तराखंड के डीजीपी को टैग करते हुए इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आगे कहा कि इसीलिए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस में अभी भी कुछ अधिकारी हैं जो कार्रवाई करते हैं। लेकिन 72 घंटों में तीन घटनाएं हुई- उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में। जो हो रहा है वह चिंताजनक है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से आग्रह किया कि वे एक मंत्रिस्तरीय टीम गठित करें और उसे राज्यों में भेजें ताकि वहां के कश्मीरियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। “
महबूबा ने कहा, “हमारी सरकार को हर राज्य में खासकर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में जहां इस तरह की घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं, मंत्रिस्तरीय टीम भेजनी चाहिए।” कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक द्वारा अपने प्रोफाइल से ‘हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष’ का पदनाम हटाने पर महबूबा ने कहा कि यह उनका निजी फैसला है लेकिन सरकार को हुर्रियत के पीछे के विचार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह उनका (मीरवाइज का) निजी फैसला है। लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि पूरा हुर्रियत नेतृत्व जेल में है इसलिए नए शिविर नहीं बनाए जाने चाहिए, न ही नई गिरफ्तारियां होनी चाहिए और न ही विचारों पर निगरानी रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “हुर्रियत एक विचार है, कोई व्यक्ति नहीं जिसे जेल में डाला जा सके। यह वह अलगाव है जो लोग देश और खुद के बीच महसूस करते हैं।” उन्होंने कहा कि आप लोगों को जेल में डाल सकते हैं, आप किसी मंच से नाम हटा सकते हैं लेकिन अलगाव को दूर करने की जरूरत है।