कलयुगी मां ने आठ दिन की मासूम बच्ची को छोड़ दिया सीधी धूप में
गर्मी, भूख और प्यास से मौत
राजौरी । जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक महिला ने अपनी आठ दिन की नवजात बेटी को लगभग सूखे तालाब में सीधे धूप में छोड़ दिया जिससे बच्ची की गर्मी, भूख और प्यास से मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को रविवार को सुंदरबनी तहसील के कदमा प्रात गांव में लगभग सूखे तालाब में एक शिशु का शव पड़ा होने की सूचना मिली और तुरंत उसे बरामद करने के लिए एक टीम भेजी गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पीड़िता की मां शरीफा बेगम ने पिता मोहम्मद इकबाल पर अपराध का आरोप लगाया। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि यह पाया गया कि घटना के समय वह कश्मीर चला गया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद जांचकर्ताओं का ध्यान मां पर गयाए जिसे बाद में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान वह टूट गई और उसने अपराध कबूल कर लिया। अधिकारियों के अनुसार शरीफा का इकबाल से झगड़ा हुआ था और उससे बदला लेने के लिए उसने बच्ची को सीधे धूप में सूखे तालाब में अकेला छोड़कर उसकी हत्या कर दी और बाद में उसका दोष इकबाल पर डाल दिया। उन्होंने बताया कि सुंदरबनी पुलिस थाने में शरीफा के खिलाफ हत्या और अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।