ऑपरेशन सिंदूर’ महादेव के आशीर्वाद से सफल हुआ: प्रधानमंत्री मोदी

0

वाराणसी, 2 अगस्त: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी के सेवापुरी स्थित बनौली गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में सफल हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता भगवान शिव (महादेव) के आशीर्वाद से ही संभव हो सकी। यह उनकी काशी आगमन के बाद पहली सार्वजनिक सभा थी, जिसमें उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में मारी गई 26 मासूमों की बेटियों का दर्द उनका अपना वचन बन गया, जिसे उन्होंने अब पूरा कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुआ आतंकी हमला देश के लिए गहरा घाव था। “मैंने बाबा विश्वनाथ से पीड़ित परिवारों को शक्ति देने की प्रार्थना की थी और काशी की बेटियों से वादा किया था कि उनके सिंदूर का बदला जरूर लिया जाएगा — और आज वह वचन पूरा हुआ।”

सभा की शुरुआत पीएम मोदी ने ‘नमः पार्वती पतये हर हर महादेव’ के उद्घोष के साथ की। उन्होंने सावन मास में काशीवासियों से मिलना सौभाग्य बताया और कहा कि देश के करोड़ों किसानों को आज यहां से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भगवान शिव कल्याणकारी हैं, लेकिन जब आतंक और अन्याय सामने होता है, तो वे काल भैरव का रूप भी लेते हैं। भारत ने भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान यही रूप दिखाया। जिसने भी भारत पर हमला किया — वो अब सुरक्षित नहीं है, चाहे वह पाताल में ही क्यों न छिपा हो।”

“पाकिस्तान की कई एयरबेस ICU में हैं”

पीएम मोदी ने बताया कि भारतीय मिसाइलों और ड्रोन ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को मलबे में बदल दिया है। “आज भी पाकिस्तान के कई एयरबेस ICU में हैं,” उन्होंने कहा। “अगर पाकिस्तान ने फिर गलती दोहराई, तो यूपी में बनी मिसाइलें आतंकवादियों को मिटा देंगी।”

“कांग्रेस और सपा को आतंकियों की मौत से दुख क्यों?”

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से कुछ लोगों को पेट में दर्द हो रहा है। “दहशत के बादशाह रो रहे हैं, और उनके साथ कांग्रेस व सपा भी रो रहे हैं।”

उन्होंने विपक्ष पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा कहकर कांग्रेस ने शौर्य और बलिदान का अपमान किया है। बताइए, क्या ‘सिंदूर’ कभी तमाशा हो सकता है?”

“समाजवादी पार्टी वोटबैंक की राजनीति कर रही है”

पीएम मोदी ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि “ये वही पार्टी है जिसने बम धमाकों के आरोपियों पर मुकदमे वापस लिए थे। उन्हें न आतंकियों के मरने पर चैन है, न ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “क्या हमें आतंकियों को मारने से पहले सपा नेताओं से परमिशन लेनी चाहिए?”

“ब्रह्मोस की गर्जना से दुश्मनों की नींद उड़ चुकी है”

प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत का ज़िक्र करते हुए बताया कि जल्द ही लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण शुरू होगा। “यूपी डिफेंस कॉरिडोर में बने हथियार, भारत की सैन्य शक्ति की रीढ़ बनेंगे,” उन्होंने कहा।

सभा के समापन पर प्रधानमंत्री ने कहा, “नया भारत भोलेनाथ की पूजा करता है, लेकिन जब दुश्मनों की बात आती है, तो काल भैरव बनकर उसका विनाश भी करता है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.