जम्मू में एक गैंगस्टर और दो पाकिस्तानी नागरिकों के फरार होने के बाद छह पुलिसकर्मी निलंबित

0

 

जम्मू, 17 फ़रवरी (हि.स.)। आरएस पुरा सेक्टर के किशोर सुधार गृह से तीन कैदियों के फरार होने के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। फरार होने वालों में दो पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय गैंगस्टर था।

आरएस पुरा के डबलेहर निवासी कराजीत सिंह उर्फ ​​गुग्गा और पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सुना-उल्लाह और अहसान अनवर सोमवार शाम करीब 5.15 बजे पुलिसकर्मियों पर हमला कर किशोर सुधार गृह से फरार हो गए थे। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक सहायक सब-इंस्पेक्टर सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि ये निलंबन विभागीय जांच का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि यह घटना कैसे घटी, सुरक्षा में सेंध क्यों लगी और क्या तैनात कर्मियों द्वारा कर्तव्य में कोई चूक हुई थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 132 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 262 (कानूनी हिरासत से प्रतिरोध करना, बाधा डालना या भागना), 307 (मृत्यु, चोट या अवरोध पैदा करने की तैयारी के साथ चोरी), 111 (संगठित अपराध) और शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 (हथियारों का अनाधिकृत कब्ज़ा, परिवहन और उपयोग) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

जम्मू और कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात और जम्मू जोन के महानिरीक्षक भीम सेन तुती अन्य अधिकारियों के साथ घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे और साजिश और कैदियों द्वारा देसी पिस्तौल की खरीद सहित विभिन्न पहलुओं की जांच के लिए विभागीय जांच चल रही है। ‘खौफ’ गिरोह से जुड़े एक कथित गैंगस्टर का किशोर सुधारगृह के अंदर गोलीबारी करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में चिंता फैल गई। पूर्व डीजीपी एस पी वैद ने इस घटना को लेकर पुलिस से सवाल किए। उन्होंने बताया कि तीनों कैदी अब किशोर नहीं रहे थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.