जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में आन-बान-शान से लहराया गया 75 फीट ऊंचा तिरंगा
लखनपुर मुंसिपल कमेटी करेगी तिरंगे झंडे की देखरेख
कठुआ । जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर के मुख्य चैक में मुंसिपल कमेटी लखनपुर की ओर से 75 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया गया।
सोमवार को मुंसिपल कमेटी लखनपुर के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश शर्मा के साथ लखनपुर मुंसिपल कमेटी के कार्यकारी अधिकारी और वार्ड के पार्षदों की अगुवाई में लखनपुर के परशुराम चैक पर एक विशाल समारोह आयोजित किया गया। जिसमें 75 फीट ऊंचे तिरंगे का उद्घाटन किया गया। मुंसिपल कमेटी लखनपुर के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश शर्मा ने कहा कि धारा 370 हटाने के बाद कुछ लोग कहते थे कि जम्मू कश्मीर में तिरंगा उठाने वाला कोई नहीं होगा, यह उन लोगों पर तमाचा है। उन्होंने कहा कि लखनपुर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए और लोगों बीच राष्ट्रवादी भावना को पैदा करने के उद्देश्य से जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में आन-बान-शान से तिरंगे झंडे को लहराया गया है। उन्होंने कहा कि माय टाउन माय प्राइड कार्यक्रम के तहत लखनपुर में एक बैठक का आयोजन हुआ था। जिसमें लखनपुर की सुंदरता को बढ़ाने और देशभक्ति की भावना को उत्पन्न करने के लिए एक फैसला लिया गया था कि प्रवेश द्वार लखनपुर में 75 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जाए।
यूटी सरकार ने मुहर लगाई और 5ः30 लाख के करीब झंडे को लगाने के लिए राशि को जारी किया गया था। जिसके तहत मुंसिपल कमेटी लखनपुर की ओर से इस तिरंगे झंडे के पास एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले यात्री अपनी यात्रा को यादगार बनाने के लिए इसी जगह पर सेल्फी लें। इसी के साथ साथ किले वाले मंदिर पर लाइटें लगाकर उसे भी सजाया गया है ताकि बाहर से आने वाले यात्री के मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त करें। शर्मा ने बताया कि तिरंगे झंडे की देखरेख मुंसिपल कमेटी लखनपुर करेगी और आने वाले दिनों में लखनपुर को सुंदर बनाने के लिए और भी कदम उठाए जाएंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल महाजनए पूर्व अध्यक्ष रविंद्र शर्माए भाजपा के कई नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।