देवयानी राणा की नगरोटा से जीत के साथ ही पहली बार जम्मू-कश्मीर में होंगी चार महिला विधायक
जम्मू, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की देवयानी राणा ने शुक्रवार को नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा उपचुनाव जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। अब जम्मू-कश्मीर में पहली बार चार महिला विधायक निर्वाचित होंगी।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने 2008, 2014 और 2024 में तीन महिला विधायकों को चुना था जो अब तक का सबसे अधिक महिला प्रतिनिधित्व है। 2008 और 2014 के चुनावों में जब सदन की सदस्य संख्या 87 थी, विधानसभा में निर्वाचित महिलाओं की हिस्सेदारी 3.4 प्रतिशत थी। 2022 में परिसीमन के बाद निर्वाचित सीटों की संख्या 90 हो जाने पर यह मामूली रूप से घटकर 3.33 प्रतिशत रह गई।हालांकि नगरोटा से देवयानी की निर्णायक जीत ने विधायिका में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाकर 4.44 प्रतिशत कर दी है।
वर्तमान विधानसभा की अन्य निर्वाचित महिला सदस्यों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) की नेता सकीना मसूद इट्टू हैं जो उमर अब्दुल्ला सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं, इसके अलावा शमीमा फिरदौस (एनसी) और शगुन परिहार (भाजपा) शामिल हैं।
इट्टू कुलगाम जिले के डीएच पोरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं जबकि फिरदौस शहर के हब्बाकदल क्षेत्र से तीन बार विधायक रही हैं। भाजपा की शगुन परिहार किश्तवाड़ विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बनी हैं।