दिल्ली ब्लास्ट के बाद लखनपुर और कठुआ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कठुआ, 11 नवंबर । जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर और कठुआ रेलवे स्टेशन पर दिल्ली ब्लास्ट के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। प्रदेश में प्रवेश करने वाले सभी प्रकार के वाहनों की पूरी मुस्तादी के साथ कठुआ पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। इसी प्रकार रेल मार्ग से आने-जाने वाले यात्रियों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
गौरतलब हो कि दिल्ली ब्लास्ट में कश्मीर के रहने वाले कुछ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। जिसके चलते जम्मू कश्मीर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विशेष तौर पर जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर जोकि जिला कठुआ के अंतर्गत पड़ता है, वहां पर बाहरी राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी रेलवे स्टेशन पर तैनात की गई हैं।
एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने बताया कि प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर में आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। सभी वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कठुआ पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत करने में जुटी हुई है।