रेलवे के जम्मू मंडल कार्यालय में मनाया गया सतर्कता जागरूकता सप्ताह
जम्मू, 16 अक्टूबर । रेलवे में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को रोकने तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जम्मू मंडल के मंडल कार्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार मरन्टू, रेलवे बोर्ड के मुख्य सतर्कता अधिकारी, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और रेलवे कर्मचारी भी उपस्थित थे।
सतर्कता बैठक के दौरान भ्रष्टाचार से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य सतर्कता अधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र के लिए प्रत्येक नागरिक की जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि सतर्कता केवल एक विभाग की ज़िम्मेदारी नहीं है बल्कि हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है।
मंडल में आयोजित सतर्कता सप्ताह बैठक के दौरान मंडल अधिकारियों और सतर्कता अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। कार्य को प्रभावी एवं कुशलतापूर्वक कैसे निष्पादित किया जाए तथा कार्य के दौरान भ्रष्ट आचरण एवं कदाचार से कैसे बचा जाए सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर बोलते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार मरन्टू ने कहा कि इस डिजिटल युग में सतर्कता विभाग की कार्य प्रणाली में नवाचार एवं पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने रेल अधिकारियों से सतर्कता संबंधी सभी मामलों को निष्पक्षता से निपटाने का आग्रह किया तथा रेल प्रशासन से आम जनता एवं रेल उपयोगकर्ताओं से सहयोग लेने की अपील की ताकि वे भ्रष्टाचार संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना दे सकें।