सांबा में किसानों के बीच उत्साह, पीएम मोदी ने जारी की ₹20,500 करोड़ की किस्त

0

सांबा, 1 अगस्त : कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) सांबा में आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त की लाइव वेबकास्टिंग का आयोजन भव्य रूप से किया गया। यह कार्यक्रम शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू के माननीय कुलपति डॉ. बी. एन. त्रिपाठी के नेतृत्व और निदेशक विस्तार डॉ. अमरीश वैद के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विकास परिषद (DDC) सांबा के उपाध्यक्ष श्री बलवान सिंह ने की। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर केंद्र सरकार द्वारा किसानों के कल्याण हेतु उठाए गए कदमों की सराहना की और प्रगति के लिए फसल विविधीकरण और उत्पाद समूह (क्लस्टर) विकसित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी, उत्तर प्रदेश से देशभर के 9.7 करोड़ किसानों को ₹20,500 करोड़ की 20वीं किस्त जारी की। कार्यक्रम में पूर्व BDC अध्यक्ष, पूर्व सरपंच, प्रगतिशील किसान एवं किसान महिलाएं शामिल रहीं। कुल मिलाकर 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

KVK सांबा की मुख्य वैज्ञानिक डॉ. नीरजा शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए केंद्र की विभिन्न गतिविधियों जैसे मशरूम उत्पादन, डेयरी, सूअर पालन और कृषि मूल्य संवर्धन में किसानों की भागीदारी को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि सांबा जिले के लगभग 56,000 किसानों को पीएम किसान निधि योजना से लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने किसानों को कृषि और बागवानी में प्रसंस्करण व मूल्य संवर्धन के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी।

इस मौके पर KVK सांबा द्वारा जिले के प्रगतिशील किसानों और महिला किसानों को ‘प्रशंसा पत्र’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके परिश्रम, नवाचार और कृषि में अनुकरणीय योगदान के लिए दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.