अनंतनाग आतंकी हमला करने वालों को सज़ा ज़रूर मिलेगी-मनोज सिन्हा
श्रीनगर, 22 जुलाई (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को अनंतनाग ज़िले में आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी की हत्या की निंदा की और कहा कि इस घिनौनी हरकत के लिए सज़ा ज़रूर मिलेगी।
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन की अनंतनाग के लाल चौक पर दोपहर करीब 12ः30 बजे एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी।
सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूँ। इस घिनौनी हरकत के लिए सज़ा ज़रूर मिलेगी। पुलिस और हमारे सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और दोषियों को सज़ा दिलाएँगे।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने अनंतनाग में आतंकी हमले के बाद स्थिति की समीक्षा करने के लिए डीजीपी नलिन प्रभात से बात की। ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। पूरा देश शहीद के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
डीजीपी नलिन प्रभात ने स्थिति का खुद जायज़ा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया आतंकवादी का पता लगाने के लिए एक बड़ा ऑपरेशन शुरू किया गया है।