श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 4,812 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था जम्मू से रवाना

0

 

जम्मू, 04 जुलाई (हि.स.)। कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के बीच शनिवार सुबह सालाना श्री अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास से रवाना हुआ। यह काफिला 259 वाहनों में बालटाल और पहलगाम दोनों बेस कैंपों के लिए निकला।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस जत्थे में कुल 4,812 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें से 2,041 बालटाल रूट और 2,771 पहलगाम रूट से यात्रा कर रहे हैं। वाहनों के इस काफिले में 95 बसें, 47 मीडियम मोटर वाहन, 116 लाइट मोटर वाहन और एक दोपहिया वाहन शामिल है।

यात्रियों के इस समूह में 3,434 पुरुष, 966 महिलाएं, 11 बच्चे, 244 साधु और 157 साध्वियां शामिल हैं। बालटाल जाने वाला काफिला सुबह करीब 3:00 बजे रवाना हुआ, जबकि पहलगाम मार्ग का काफिला बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 3:24 बजे प्रस्थान कर गया।

इस बीच, दूसरे जत्थे के श्रद्धालुओं ने बालटाल और पहलगाम के नुनवान बेस कैंप से आगे की यात्रा शुरू कर दी है। ये श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं, जहां प्राकृतिक रूप से बर्फ का शिवलिंग स्थित है।

श्रद्धालु करण सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत इंतज़ामों ने यात्रियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है और उन्हें निर्भय होकर यात्रा जारी रखने का हौसला मिल रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2 जुलाई को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद से अब तक कुल 13,499 श्रद्धालु जम्मू से यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.