पॉक्सो मामले में समझौता कराने के आरोप में एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

0

सांबा, 6 जून (हि.स.) जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में बाल यौन उत्पीड़न संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत दर्ज एक मामले में कथित रूप से समझौता कराने के आरोपों के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुज कुमार ने मामले की जांच के आदेश देते हुए रामगढ़ पुलिस स्टेशन के एसएचओ सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह, एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (पीएसआई) और दो सहायक उप-निरीक्षकों (एएसआई) को जांच पूरी होने तक निलंबित कर जिला पुलिस लाइन (डीपीएल) से अटैच कर दिया गया है।

एसएसपी ने आरोपों की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए विस्तृत जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि मामले के निपटारे में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

पुलिस प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर अजय सिंह चिब को रामगढ़ पुलिस स्टेशन का नया स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) नियुक्त किया है। इसके अलावा संबंधित घटनाक्रम में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) का तबादला गोरान पुलिस चौकी में कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि संवेदनशील पीओसीएसओ मामले के संचालन को लेकर पुलिस विभाग को शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।——–

Leave A Reply

Your email address will not be published.