जम्मू और कश्मीर में 4-5 जून को गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना

0

 

श्रीनगर, 04 जून (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 और 5 जून को जम्मू और कश्मीर में व्यापक बारिश, गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का पूर्वानुमान लगाया है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अगले दो दिनों में एक या दो बार बारिश, गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र वर्षा भी हो सकती है। 6 जून को मौसम आमतौर पर बादल छाए रहने और छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 7 से 12 जून तक जम्मू और कश्मीर में आमतौर पर गर्म और शुष्क मौसम रहने की संभावना है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र ने अपनी सलाह में 4 से 6 जून के दौरान छिटपुट स्थानों पर गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की चेतावनी दी है, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कश्मीर और जम्मू दोनों डिवीजनों में 4 और 5 जून को छिटपुट बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन हो सकता है। लोगों को आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने जनता से प्रतिकूल मौसम की स्थिति में नौका विहार और शिकारा की सवारी स्थगित करने और बाढ़ और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने का भी आग्रह किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.