चीफ सेक्रेटरी ने जम्मू और श्रीनगर शहरों के ट्रैफिक डी-कंजेशन प्लान की समीक्षा की

0

 

श्रीनगर, 22 मई: मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने आज ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर मल्टी डिसिप्लिनरी कमेटी (एमडीसी) की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जम्मू और श्रीनगर शहरों में ट्रैफिक जाम कम करने और आवागमन बेहतर बनाने के लिए तैयार व्यापक कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अतिरिक्त मुख्य सचिव पीडब्ल्यूडी, प्रधान सचिव गृह, आयुक्त सचिव हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट विभाग, मंडलायुक्त जम्मू/कश्मीर, आईजी ट्रैफिक, सचिव परिवहन, डीआईजी ट्रैफिक जम्मू/कश्मीर, नगर निगम आयुक्त जम्मू/श्रीनगर, एसएसपी ट्रैफिक जम्मू/श्रीनगर, वीसी एसडीए और अन्य अधिकारी शामिल थे।

मुख्य सचिव ने समिति द्वारा दी गई सिफारिशों को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स की पहचान और सुधार, प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण, रोटरी निर्माण और जंक्शन सुधार की प्रगति की भी समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने सभी प्रस्तावित कार्यों के लिए स्पष्ट फंडिंग स्रोत तय करने पर जोर दिया और कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने एच एंड यूडीडी को वित्त विभाग के साथ समन्वय कर इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ट्रैफिक डी-कंजेशन, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार, सड़क अवसंरचना सुधार, सार्वजनिक परिवहन को सुव्यवस्थित करने और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूत करने के उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जानकारी दी गई कि जम्मू और श्रीनगर में कई डायवर्जन रूट चिन्हित कर चालू किए गए हैं। जम्मू शहर में 10 और श्रीनगर में 5 डायवर्जन रूट संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में बताया गया कि ई-रिक्शा जोन भी निर्धारित किए गए हैं ताकि ट्रैफिक को नियंत्रित करने और लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में मदद मिल सके। जम्मू में 6 ई-रिक्शा जोन स्थापित किए गए हैं जबकि श्रीनगर में कई जोन चिन्हित किए गए हैं।

मुख्य सचिव को बताया गया कि दोनों शहरों में कई स्थानों पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया गया है तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नो-व्हीकल जोन बनाने के प्रस्तावों पर भी काम जारी है।

बैठक में स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल रिस्पॉन्स सिस्टम, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, एटीएमएस जंक्शन निर्माण और आधुनिक निगरानी उपकरणों की खरीद पर भी चर्चा हुई।

ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा मोटरसाइकिल, इंटरसेप्टर वाहन, क्रेन, बॉडी-वॉर्न कैमरे और एम्बुलेंस खरीदे जाने की जानकारी भी दी गई।

सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए 39 हजार से अधिक आदतन उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण रद्द करना, वाहन जब्त करना और ब्लैकलिस्ट करना शामिल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.