फारूक अब्दुल्ला फायरिंग मामले में जांच पूरी, आरोपी के खिलाफ न्यायिक कार्यवाही शुरू

0

 

जम्मू, 09 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुए फायरिंग के प्रयास की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अपनी जांच पूरी कर ली है और आरोपी कमल सिंह जमवाल के खिलाफ चार्जशीट और संबंधित दस्तावेज अदालत में पेश कर दिए हैं।

सूत्रों ने बताया कि अब इस मामले की सुनवाई जम्मू के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में होगी।

यह घटना इसी साल मार्च में जम्मू के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी जहां आरोपी ने कथित तौर पर डॉ. फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने की कोशिश की थी। हालांकि सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की और हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई। सबूतों की जांच की गई और कई स्थानों पर पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि व्यक्तिगत प्रतिद्वंद्विता और कुछ पुराने विवाद हमले के पीछे संभावित कारण हो सकते हैं।

पुलिस ने अदालत के समक्ष सभी प्रासंगिक सबूत पेश कर दिए हैं जबकि अगली सुनवाई में आगे की कानूनी कार्यवाही होने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.