अनंतनाग पुलिस ने प्रतिबंधित सामग्री के साथ सबसे वांछित महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया
xxx
अनंतनाग, 05 मई (हि.स.)। नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ अपने निरंतर और कड़े अभियान में अनंतनाग पुलिस ने कई नशीले पदार्थों के मामलों में शामिल एक कुख्यात महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार करके एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
डियालगम पुलिस चौकी की एक पुलिस टीम ने लालान बाईपास पर एक नियमित नाका चौकी स्थापित की थी। चेकिंग के दौरान एक महिला को बोंडियालगम से लालान की ओर आते हुए देखा गया। पुलिस टीम को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया जिससे संदेह उत्पन्न हुआ। हालांकि हसतर्क नाका टीम ने तुरंत और चतुराई से कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
उसकी तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन जैसी दिखने वाली प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान शुगाफ्ता अख्तर पुत्री मोहम्मद हुसैन डार निवासी डांगरपोरा, अनंतनाग के रूप में बताई।
तदनुसार संबंधित पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत एफआईआर संख्या 130/2026 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार महिला कुख्यात और सबसे वांछित ड्रग तस्कर है जो पहले से ही कई एनडीपीएस मामलों में शामिल है और उसकी गिरफ्तारी को जिले में चल रहे ड्रग खतरे के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।