हड़ताल का आह्वान अतीत की बात हो गई है और अब साल के 365 दिन शांतिपूर्वक बीतते हैं.उपराज्यपाल
व्यापार फल-फूल रहा है
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि पहले कश्मीर में लगभग हर साल और लगभग हर दिन बंद का आह्वान होता था और वे दिन गए जब घाटी में स्कूल और कॉलेज बंद रहते थे। उन्होंने कहा कि हड़ताल का आह्वान अतीत की बात हो गई है और अब साल के 365 दिन शांतिपूर्वक बीतते हैं और स्कूल और कॉलेज हर दिन सामान्य रूप से काम करते हैं।
उपराज्यपाल ने अमर सिंह कॉलेज श्रीनगर में छात्रों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि घाटी में हड़तालें अतीत की बात हैं, जहां सभी क्षेत्रों का व्यापार फल-फूल रहा है और अर्थव्यवस्था बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोग शांति का लाभ उठा रहे हैं। जेहलम नदी के किनारे युवाओं को संगीत बजाते हुए और छात्रों को पढ़ने का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि शांति के बिना जम्मू.कश्मीर में विकास और प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा जम्मू.कश्मीर और देश का भविष्य हैं। हमें जम्मू.कश्मीर को सभी मोर्चों पर आगे ले जाने के लिए आपके समर्थन की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जम्मू.कश्मीर भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारतीय डॉक्टरों ने दर्जनों विदेशी देशों को कोविड के खिलाफ टीके उपलब्ध कराकर हमें गौरवान्वित किया है। उन्होंने भारत को दुनिया भर में सबसे मजबूत राष्ट्र बनाने में छात्रों का समर्थन मांगा।