सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है कांवड़ यात्रा – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- सीएम योगी ने बरेली में ₹2,264 करोड़ की 545 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
बरेली, 6 अगस्त: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नाथ नगरी बरेली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा अब सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इस यात्रा को बदनाम करने की साजिश करते हैं, लेकिन जागरूक समाज और प्रशासन की तत्परता से उनके मंसूबे नाकाम हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ₹2,264 करोड़ की लागत वाली 545 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें नाथ कॉरिडोर, सड़क चौड़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा, नगर निगम कार्यालय, यूनानी मेडिकल कॉलेज जैसी प्रमुख योजनाएं शामिल हैं।
6000 युवाओं को मिला रोजगार का तोहफा
मुख्यमंत्री योगी ने रोजगार मेले के माध्यम से चयनित 6000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत गारंटी मुक्त लोन का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि हाल ही में पुलिस विभाग में 60,244 नियुक्तियां हुई हैं, जिनमें 12,000 से अधिक बेटियां शामिल हैं।
डबल इंजन की सरकार दे रही विकास को रफ्तार
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार विरासत को विकास से जोड़ रही है। उन्होंने बरेली को नाथ कॉरिडोर, पर्यटन, और शहरी सुविधा से जोड़कर नए पहचान देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले बरेली दंगों के लिए कुख्यात था, लेकिन आज आध्यात्मिक नगरी के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने आगे कहा, “पहले की सरकारें माफियाओं को संरक्षण देती थीं, अब यूपी माफिया मुक्त और भयमुक्त बन चुका है। प्रदेश का हर नागरिक अब बिना किसी भेदभाव के विकास का लाभ उठा रहा है।”
रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिलेगा बसों में निःशुल्क सफर
सीएम योगी ने रक्षाबंधन पर्व (8-10 अगस्त) के दौरान राज्य परिवहन की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में शामिल हुए कई मंत्री और जनप्रतिनिधि
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, धर्मपाल सिंह, जेपीएस राठौर, अरुण सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह, महापौर उमेश गौतम, व अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।