सतीश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति स्थिति और परिवहन तंत्र की समीक्षा की

0

श्रीनगर 10 सितंबर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, सूचना प्रौद्योगिकी, परिवहन, युवक सेवाएं और खेल मंत्री, सतीश शर्मा ने एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर जम्मू-कश्मीर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और परिवहन की स्थिति का जायजा लिया।
बैठक में प्रबंध निदेशक जेकेएसआरटीसी राकेश सरंगल, परिवहन आयुक्त विषेष पाल महाजन और संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान मंत्री को रोजाना ट्रकों की तैनाती और कश्मीर एवं जम्मू दोनों संभागों में खाद्यान्न तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
यह बताया गया कि कश्मीर संभाग में प्रतिदिन 210 ट्रक तैनात किए जा रहे हैं, जो 20,000 किं्वटल आवश्यक वस्तुएं उठा रहे हैं। इसी तरह, जम्मू संभाग में प्रतिदिन 190 ट्रक तैनात किए जाते हैं, जो 16,150 किं्वटल वस्तुओं की ढुलाई कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, दोनों संभागों में 400 ट्रक प्रतिदिन लगभग 36,150 किं्वटल आवश्यक वस्तुओं का परिवहन कर रहे हैं।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए सतीश शर्मा ने जोर देकर कहा कि विशेषकर मौजूदा मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की समय पर आपूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से सभी जिलों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने का आह्वान किया।
मंत्री ने आगे अधिकारियों को निर्देश दिया कि एफसीएस एंड सीए, परिवहन विभाग और जेकेएसआरटीसी के बीच समन्वय बनाए रखा जाए ताकि लॉजिस्टिक्स और अंतिम छोर तक आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि दूर-दराज और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त बफर स्टॉक रखा जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने परिवहन अधिकारियों और ड्राइवरों के प्रयासों की सराहना की, जो चौबीसों घंटे काम कर सप्लाई चेन को कार्यशील बनाए हुए हैं।
उन्होंने दोहराया कि सरकार जम्मू-कश्मीर के हर घर तक खाद्य सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है

Leave A Reply

Your email address will not be published.