लद्दाख में उत्तरी सेना के कमांडर ने सियाचिन सेक्टर में युद्ध की तैयारियों की समीक्षा की

0

 

लेह, 19 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने गुरुवार को सियाचिन सेक्टर का दौरा किया और सैनिकों की युद्ध क्षमता और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। सेना कमांडर ने दुनिया के सबसे ऊंचे और ठंडे सैन्य क्षेत्रों में से एक में तैनात सैनिकों के पेशेवर रवैये, साहस और समर्पण की सराहना की और सभी रैंकों से आधुनिक युद्ध की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए प्रौद्योगिकी को अपनाने का आग्रह किया।

उत्तरी कमान मुख्यालय ने एक पोस्ट में कहा, “उत्तरी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने युद्ध क्षमता और परिचालन तैयारियों की समीक्षा के लिए सियाचिन ब्रिगेड का दौरा किया।” शर्मा ने सियाचिन स्की नोड का भी दौरा किया जहां उन्होंने प्रशिक्षण बुनियादी ढांचे और स्कीइंग क्षमताओं का मूल्यांकन किया और बेहद कठोर जलवायु और भूभाग में तैनात सैनिकों से बातचीत की। उनके उच्च मनोबल और दृढ़ प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए उन्होंने सियाचिन ग्लेशियर में परिचालन श्रेष्ठता बनाए रखने के लिए तकनीकी अनुकूलन के महत्व को दोहराया।

सेना कमांडर ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के अपने दौरे के दौरान पूर्वी लद्दाख की अग्रिम चौकियों का भी दौरा किया जहां उन्होंने सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सैनिकों से बातचीत भी की और चुनौतीपूर्ण भूभाग में परिचालन के दौरान उनकी अटूट निष्ठा, उच्च स्तरीय युद्ध तत्परता और पेशेवर उत्कृष्टता की सराहना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.