मुख्यमंत्री विधायकों के साथ बजट-पूर्व परामर्श करेंगे
श्रीनगर, 22 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में वित्त मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 2026-27 के बजट-पूर्व सत्र के तहत विधायकों से परामर्श करेंगे और उनके सुझाव व राय लेंगे। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 23 और 24 जनवरी को उत्तरी कश्मीर, दक्षिणी कश्मीर और मध्य कश्मीर के विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
जानकारी के अनुसार उमर अब्दुल्ला कल दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक सिविल सचिवालय में श्रीनगर, गांदरबल और बडगाम जिलों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। 24 जनवरी को मुख्यमंत्री सबसे पहले सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों के विधायकों से मिलेंगे। दिन में बाद में वे दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बारामूला, कुपवाड़ा बांदीपोरा जिलों के विधायकों से परामर्श करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा अगले सप्ताह जम्मू क्षेत्र के विधायकों से भी इसी तरह की बैठकें करने की उम्मीद है ताकि बजट में शामिल करने के लिए उनके सुझाव प्राप्त किए जा सकें।